हाथीनाला थाना क्षेत्र के साउडीह गांव में महज 17 दिन पहले जन्मी बेटी की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी पिता को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। पूछताछ में उसने पत्नी से विवाद के बाद आवेश में आकर गला दबाने की बात कही।
उसका कहना था कि गुस्से में वह गला दबा रहा था, लेकिन यह तनिक भी नहीं सोचा था कि बेटी की जान चली जाएगी। साउडीह गांव निवासी रामरति खरवार की पत्नी मानमति ने 12 अक्तूबर को बेटी दशमतिया को जन्म दिया था।
मंगलवार को दशमतिया की तबीयत खराब होने पर पति-पत्नी उसे उपचार के लिए लेकर जा रहे थे। रास्ते में दोनों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हो गई।
आवेश में रामरति ने पत्नी की गोद से बेटी को छीन लिया और जंगल की ओर भागा। उसने हाथ से बेटी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद वह खुद शव लेकर थाने में पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी।
थानाध्यक्ष एसपी सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। पूछताछ में उसने गुस्से में आकर घटना को अंजाम देने की बात कही।