आवास और पेंशन न मिलने से नाराज देवरी खुर्द के ग्रामीणों ने मंगलवार को सदर तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधान और सेक्रेटरी पर मनमानी कर अपात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मांगपत्र सौंपा।
सभा को संबोधित करते वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पेंशन के लिए गरीब व्यक्तियों ने फार्म भरकर प्रधान को दिया। लेकिन प्रधान और सेक्रेटरी की साजिश के चलते मात्र सात लोगों के खाते में ही पेंशन की धनराशि पहुंची।
जबकि पेंशन के लिए आवेदन करने वाले भूमिहीन हैं। कहा कि आवास और पेंशन अपात्र व्यक्तियों को मिला है। इसकी जांच कराने के लिए पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों को मांगपत्र दिया जा चुका है।
लेकिन अभी तक संबंधितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। विवश होकर आंदोलन की राह पकड़नी पड़ रही है। ग्रामीणों ने अपनी समस्या की ओर डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गरीबों को आवास और पेंशन दिलाने की मांग की है। मांगपत्र देने वालों में प्रेमा देवी, माला, कुसुम, राजकुमारी, चंद्रावती, सुरसती मौजूद रहीं।