शक्तिनगर/ सिंगरौली। बंधक बनाकर कर नाबालिग लड़की के साथ दुराचार करने वाले नाबालिग आरोपी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने पकड़ लिया। घटना सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र की है। आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को बाल न्यायालय में पेश किया जहां उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय किशोर ने 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर बंधक बनाया इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। 18 अगस्त को किशोरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई की पिछले महीने की 16 तारीख को गोरबी क्षेत्र निवासी किशोर ने एक किराए के मकान में रखकर ज्यादती की। किशोरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बाल अपचारी के खिलाफ पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना अधिकारी एवं महिला डेस्क प्रभारी मोरवा (उप निरीक्षक) रूपा अग्निहोत्री ने मामले की विवेचना कर आरोपी को गोरबी बस्ती से पकड़कर बाल न्यायालय बैढ़न में पेश किया गया। यहां से उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।