बैरियर स्थित रामलीला मैदान परिसर में पिछले 13 दिनों से चल रही रासलीला श्रीकृष्ण और राधा के फूलों की होली के मंचन के साथ संपन्न हो गया। कलाकारों ने श्रीकृष्ण-राधा की लीलाओं का शानदार मंचन किया।
सोन नदी के किनारे स्थित रामलीला मैदान में रविवार की दोपहर सैकड़ों भक्तों की भीड़ उमड़ी। वृंदावन से आए रासलीला मंडली के कलाकारों ने दोपहर से ही श्रीकृष्ण-राधा के लीलाओं का मंचन शुरू कर दिया था।
कार्यक्रम के समापन के मौके पर कलाकारों ने श्रीकृष्ण के बालपन और गोपियों के साथ रासलीला का मंचन किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति से ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे साक्षात भगवान कृष्ण अपनी गोपियों के साथ रास कर रहे हैं। समापन कार्यक्रम के लिए आयोजन ने वाराणसी से कई कुंतल फूल मंगवाए थे।
कार्यक्रम के बीच-बीच में राधेकृष्ण की मनोरम झांकी लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खनन अधिकारी आरपी सिंह ने भगवान की आरती उतारी। इसके बाद अंत में राधा-कृष्ण की फूलों की होली दृश्य का शानदार मंचन किया गया।
होली में चोपन के तमाम लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर पवन अग्रवाल, राजेश साहनी, विमल शाह, महेंद्र केशरी, आनंद अग्रवाल, राकेश मोदनवाल, प्रदीप अग्रवाल, सूरज केशरी, राजेश मौजूद रहे।