प्राथमिक विद्यालय घसिया बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी के बाद घर लौट रही सहायिका भूखली देवी (45) की लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
जब तक लोग सब स्टेशन से आपूर्ति ठप कराते, दम तोड़ चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जेे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
जिले भर में लटक रहे विद्युत तार वर्षों से लोगों के मौत की वजह बन रहे हैं लेकिन विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। अक्सर जर्जर और लटक रहे तारों की मरम्मत की मांग को लेकर आवाज बुलंद की जाती रही है लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है।
बभनी के डगडउवा टोला की रहने वाली भूखली देवी पत्नी रामऔतार प्राथमिक विद्यालय घसिया टोला में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका है। मंगलवार को वह दोपहर बाद विद्यालय की छुट्टी होने पर घर लौट रही थी।
धूप तेज होने के नाते उसने छाता लगा रखा था। अभी वह आंगनबाड़ी केंद्र से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी कि एक महाविद्यालय के पीछे लटक रहे हाईटेंशन विद्युत तार से उसका छाता छू गया।
इससे वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह वाकया उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो फौरन सब स्टेशन पर फोन कर विद्युत आपूर्ति ठप कराई लेकिन इसके पहले ही भूखली दम तोड़ चुकी थी।