सोनभद्र। विद्यालयों के ऊपर से गुजरे बिजली के तार जल्द हटाए जाएंगे। बिजली निगम ने इसका एस्टीमेट तैयार कर लिया है। साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर धनराशि जमा करने को कहा है।
जिले के इंटर काॅलेजों और परिषदीय विद्यालयों के ऊपर पर लटकते तारों से दुर्घटनाएं हो रही है। दो अगस्त को अमर उजाला में विद्यालयों में मंडरा रहा रहा हाइटेंशन तारों-ट्रांसफार्मरों का खतरा शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसका संज्ञान लेकर डीओईओएस जयराम सिंह ने छह अगस्त को तीन इंटर कालेजों के ऊपर से तार हटाने के लिए बिजली निगम पत्र भेजा था।
अब अधिशासी अभियंता राॅबर्ट्सगंज एसबी ठाकुर ने डीआईओएस को पत्र भेजकर तार हटाने के लिए 29.80 लाख रुपये जमा करने को कहा है। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग को दो कंपोजिट विद्यालयों के ऊपर से तार हटाने की पहल की जानकारी दी है। अधीक्षण अभियंता बीएसए को पत्र भेजकर खर्च की धनराशि जमा करने को कहा है।
-
- इन विद्यालयों से तार हटाने की हो रही कवायद
बिजली महकमे की तरफ से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज राबर्ट्सगंज और घोरावल, राजकीय बालिका इंटर कालेज डोहरी, राजकीय हाईस्कूल परसौना, राजकीय इंटर कालेज खुज्झा, राजकीय हाईस्कूल चकरिया, राजकीय हाईस्कूल कनछ (निर्माणाधीन), उच्च प्राथमिक विद्यालय सजौर, कंपोजिट विद्यालय सेंहुआ से तार हटाने के लिए प्राक्कलन संबंधितों को उपलब्ध कराया गया है। बताते चलें कि जीजीआई राबटर्सगंज में पिछले वर्ष 28 अप्रैल को पेटिंग करते समय मजदूर गणेश गुप्ता की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। यह हादसा इतना खतरनाक था कि सिर झुलसने के साथ ही धड़ से अलग हो गया था।
वर्जन-
डीआईओएस-बीएसए ने विद्यालयों से तार हटाने के लिए पत्र भेजा गया था। इसके लिए आगणन तैयार कर विभाग को पत्र भेजा गया है। खर्च की धनराशि मिलने के बाद तार और खंभे हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। - एसबी ठाकुर, अधिशासी अभियंता