उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में मंगलवार को हाईस्कूल विज्ञान और इंटर वाणिज्य विषय के परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। हाईस्कूल में 2179 और इंटर में 10 छात्र-छात्रा परीक्षा में अनुपस्थित रहे। विज्ञान के परीक्षार्थियों को केमेस्ट्री ने परेशान किया।
जिले के 77 केंद्रों पर सुबह साढ़े आठ से हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा से पहले ही केंद्रों पर गहन तलाशी के बाद छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। करीब तीन घंटे तक विद्यार्थियों ने प्रश्न पत्र हल किया। विज्ञान की परीक्षा में कुल 25844 विद्यार्थी पंजीकृत थे।
इसमें से 23665 उपस्थित रहे। 2179 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले छात्र सुनील, रवींद्र और आशीष ने बताया कि फिजिक्स और बायोलॉजी के प्रश्न तो आसान रहे, लेकिन केमेस्ट्री के फार्मूलों को लिखने में थोड़ी परेशानी हुई।
वहीं इंटर के वाणिज्य विषय में कुल पंजीकृत 524 के सापेक्ष 510 उपस्थित रहे। दूसरी पाली में हाईस्कूल के कृषि और इंटर के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। हाई स्कूल में 180 छात्र पंजीकृत थे जिसमें 154 ने परीक्षा दी। इंटर में 2517 के सापेक्ष 2384 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय में बने कमांड एवं कंट्रोल रूम लगातार निगरानी में जुटा हुआ है। वहीं डीआईओएस जयराम सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, डीसी समग्र शिक्षा, डायट टीम के अतिरिक्त कुल सात सचल दल भी केंद्रों पर चक्रमण करत रही हैं।