सुयरसोत पुलिस चौकी क्षेत्र में जांच करते एसपी आशीष श्रीवास्तव।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। नक्सल क्षेत्रों में खुद की जान जोखिम में डालकर दूसरे की रक्षा करने वाले पुलिस कर्मियों को शुद्ध पेयजल समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। मंगलवार को एसपी आशीष श्रीवास्तव ने नक्सल क्षेत्र के पुलिस चौकी सुअरसोत, खोड़ैला, पनौरा, महुली एवं सरईगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जवानों ने समस्याएं गिनाई। उन्होंने लापरवाह कई चौकी इंचार्जों को फटकार लगाते हुए समस्या के संबंध में शीघ्र रिपोर्ट मुहैया कराने के लिए निर्देशित किया।
एसपी ने पीएसी के जवानों का सैनिक सम्मेलन किया। इस दौरान जवानों ने पेयजल, शौचालय आदि की समस्याओं के बारे में जानकारी दी। एसपी ने समय से आरओ प्लांट, शौचालय आदि ठीक न कराने वाले कई चौकी प्रभारियों की क्लास लेते हुए जवानों को शीघ्र समस्याओं का निदान कराने का आश्वासन दिया। एसपी ने मातहतों को सुअरसोत चौकी परिसर में चार नये शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। खोड़ैला में पानी और महुली में बैरक में पावर बोर्ड की समस्या ठीक कराने को कहा। सरईगढ़ में एक बैरक भी बनवाने के लिए निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सैनिक सम्मेलन में जवानों ने जो समस्याएं बताए उसका निदान कराया जा रहा है। चौकी इंचार्जों को निर्देशित किया गया है कि उनके यहां कोई समस्या होती तो वे तत्काल थाना प्रभारियों या क्षेत्राधिकारियों के माध्यम से अवगत कराएं, ताकि तत्काल निदान किया जा सकें।