सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से जिले में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत होगी। इसकी शुरुआत जिला अस्पताल परिसर से सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार की देखरेख में होगी। अभियान का शुभारंभ मध्य प्रदेश के धार जिले से होगा, जिसका लाइव प्रसारण जिला अस्पताल में दिखाया जाएगा।
अभियान 2 अक्टूबर तक जिले के 10 सीएचसी, 24 पीएचसी और 169 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) में चलाया जाएगा। इस दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस रहेगा। मुफ्त जांच, परामर्श और इलाज की सुविधा दी जाएगी। मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और टीबी उन्मूलन अभियान के प्रमुख बिंदु होंगे। सीएमओ ने बताया कि महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, किशोरियों में एनीमिया प्रबंधन और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार का ध्यान रखते हुए अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा करती हैं, इसलिए जरूरी है कि पुरुष सहयोग करें और महिलाएं रोजाना कम से कम एक घंटा स्वयं की देखभाल में लगाएं। अभियान के तहत 18 सितंबर को बभनी, 19 को म्योरपुर, 22 को दुद्धी, 23 को चोपन, 25 को मधुपुर, 26 को घोरावल और 29 सितंबर को नगवां सीएचसी पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्त्री रोग, बाल रोग, चर्म रोग, ईएनटी, मानसिक रोग समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे।
-
शिविर में होंगी ये जांचें
शिविरों में हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर, एनीमिया, सिकल सेल, क्षय रोग और कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग होगी। इसके अलावा दंत रोग, मोतियाबिंद और श्रवण विकारों की भी जांच की जाएगी। अभियान के दौरान 17 सितंबर को विशेष रक्तदान शिविर होगा। साथ ही 25 सितंबर और 2 अक्तूबर को भी रक्तदान अभियान चलाकर ई-रक्तकोष पोर्टल पर दाताओं का पंजीयन कराया जाएगा।