सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिस हिसाब से बढ़ रही है उसी हिसाब से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। बीते करीब एक सप्ताह में स्वस्थ होने की दर बढ़ी है। रविवार को 24 घंटे के भीतर 353 लोग स्वस्थ हुए। यानी अब तक कुल 81.07 फीसदी लोगों ने कोरोना को मात दिया है। हालांकि इधर कुछ दिनों में मरने वालों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। बीते चौबीस घंटे में छह लोगों की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या 203 पहुंच गई।
रविवार की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के अनुसार कुल 212 लोगों के संक्रमित मिलने से अब तक संक्रमित कुल लोगों की संख्या 15110 हो गई। जबकि एक सप्ताह पहले कुल संक्रमितों की संख्या 13139 थी। इस तरह से एक सप्ताह में 1971 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक सप्ताह पहले जिले में सक्रिय केस की संख्या 3390 थी यानी 25.80 फीसदी सक्रिय केस थे। अब यह यंख्या घटकर 2657 हो गई है। यानी इस समय महज 17.58 फीसदी ही सक्रिय केस हैं। बात करें स्वस्थ होने वालों की तो एक सप्ताह पहले तक 72.93 फीसदी ही स्वस्थ हुए थे। अब स्वस्थ होने की दर 81.07 फीसदी हो गई है। यानी 8.14 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। हां मरने वालों की संख्या 167 से बढ़कर 203 हो गई।
जांच कराने में हिचकिचा रहे लोगग्रामीण क्षेत्रों में लोग अब तो जांच कराने में भी हिचकिचाने लगे हैं। बीते दिनों चोपन से एक स्वास्थ्य टीम अम्माटोला में जांच करने गई तो वहां कुछ लोग टीम को भगाने लगे। इसी तरह दुद्धी इलाके की टीम जब एक गांव में जांच करने गई तो लोग घर में पहुंचकर दरवाजा बंद कर लिए। प्रभारी सीएमओ डॉ. बीके अग्रवाल ने कहा कि लोगों को जागरूक करते हुए जांच के लिए कहा जा रहा है। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच करें।
म्योरपुर। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जा रहे सर्वे में कोरोना के लक्षण वाले सबसे अधिक मरीजों की संख्या बीजपुर में पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जा रहा है सर्वे की बात करें तो इसमें सर्दी, खांसी तथा बुखार आदि के बारे में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जानकारी ली जा रही है। टीम द्वारा उन्हें मौके पर ही आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सर्वे करने वाली इस टीम में एएनएम के अलावा आशाएं व डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। पांच मई से शुरू कराया गया है। अब तक के सर्वे की बात करें तो बीजपुर में सबसे अधिक 48, सांगोबांध में 43, अंजानी में 42, खजुरा में 38 तथा नधिरा में 38 मरीज ऐसे हैं जिन्हें सर्दी, खांसी व बुखार हो रहा है। यही नहीं टीम द्वारा इन मरीजों को लक्षण के हिसाब से दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें रोग से बचाव में आसानी हो सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि सर्वे का काम अभी चलता रहेगा और जो भी सर्दी, खांसी व बुखार से पीड़ित है, उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। कहा जो गंभीर मरीज हैं उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया जाएगा।