शक्तिनगर। एनसीएल नौंवीं अंतर क्षेत्रीय विद्यालयी टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता में तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल मैच में एनसीएल मुख्यालय व खड़िया की टीम विजेता रही। बृहस्पतिवार को एनसीएल मुख्यालय व बीना, खड़िया एवं जयंत के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया।
बीना आवासीय परिसर स्थित स्टेडियम में पहले मैच में बल्लेबाजी करते हुए बीना ने 18 ओवर में 10 विकेट पर 70 रन बनाए। जवाब में एनसीएल मुख्यालय टीम ने आर्यन रजक 26 रन, आदित्य श्रीवास्तव के 23 रन की मदद से 9.5 ओवर में दो विकेट पर 75 रन बना कर आठ विकेट से मैच जीत लिया। एनसीएल मुख्यालय के गेंदबाज शरीफ खान ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। दूसरा मैच खड़िया एवं जयंत के बीच खेला गया। खड़िया टीम ने पहले बल्लेबाजी की।
अंकुश कुमार सिंह 65 रन, हिमांशु राय 32 रन की मदद से सात विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में जयंत 15.3 ओवर में 69 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। खड़िया ने 100 रन से मैच जीत लिया। निर्णायक की भूमिका राकेश चंदेल, जितेंद्र गुप्ता, दीपक सिंह, पी. रामा राव ने निभाई। कमेंट्री प्रवीण कुमार मौसम ने की।