सोनभद्र। नवगठित करमा ब्लाक का मुख्यालय टिकुरिया गांव में होगा। इसके लिए प्रस्तावित जमीन का जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने रविवार को गांव पहुंचकर जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने टिकुरिया गांव में प्रस्तावित जिले के नये ब्लाक करमा का मुख्यालय स्थापित करने के लिए मुख्य सड़क पर टिकुरिया ग्राम सभा के आराजी नम्बर-587 रकबा-2.3 हेक्टेयर का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ग्राम सभा की 2.3 हेक्टेयर जमीन पर करमा का ब्लाक मुख्यालय भवन प्रस्तावित है। इसके अलावा 1.2 हेक्टेयर में आवासीय परिसर भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद डीसी मनरेगा को ब्लाक मुख्यालय व आवासीय परिसर के लिए प्रस्तावित जमीन के चारो तरफ बाउंड्री वाल मनरेगा के तहत बनवाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने टिकुरिया गांव में ही एक स्वयं सेवी संस्था के कब्जे से मुक्त कराई गई करीब आधा हेक्टेयर जमीन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्होंने कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर मनरेगा के तहत पौधरोपण कराने तथा उसकी घेराबंदी कराने का भी निर्देश दिया।