सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी गांव के पास तीन जुलाई को बैंक मैनेजर के चालक अनितेश को गोली मारने के आरोपी विनय यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। नौगढ़ के उदितपुर सुर्रा निवासी विनय ने पूछताछ में बताया कि उसने बाइक ओवरटेक करने के दौरान हुए विवाद में गोली मारी थी। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
रॉबर्ट्सगंज के गौरी निस्फ गांव निवासी अनितेश (23) इंडियन बैंक की मधुपुर शाखा के प्रबंधक की गाड़ी चलाता है। वह तीन जुलाई की रात रॉबर्ट्सगंज से बाइक से घर जा रहा था। हिंदुआरी में मशान बाबा तिराहे के पास अचानक पीछे से आए बाइक सवार ने उसके साथ छीना-झपटी की और फिर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अनितेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायल युवक की मां की तहरीर पर अज्ञात हमलावर के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। आसपास के सीसी टीवी कैमरे को खंगालने और घायल युवक के बताए हुलिए के आधार पर कोतवाली पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू की। कोतवाल गोपालजी गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर देवराड़ गांव के पास मुठभेड़ में पुलिस ने उदितपुर सुर्रा निवासी विनय यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तमंचा, दो कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक ओवरटेक करने को लेकर उसका अनितेश से विवाद हुआ था। इसके बाद वह पीछा करते हुए अनितेश के पास पहुंचा और गोली मार दी। सीओ सिटी डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी का संबंधित धाराओं में कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।