सावन मास के पहले सोमवार को बैजनाथ धाम में बाबा को जलाभिषेक करने के लिए जिले भर से बोल बम के जयकारे के साथ कांवरियों का जत्था गुरुवार को रवाना हो गया।
हर-हर महादेव के उद्घोष से समूचा सोनांचल गुंजायमान हो गया। जलाभिषेक के लिए जोगिया वस्त्र धारण कर कांवरियों का दल अपने-अपने निजी साधन से बाबा धाम के लिए रवाना हुए हैं।
बता दें कि सावन मास का पहला सोमवार तीन अगस्त को पड़ रहा है। इसके लिए जिले भर से कांवरियों का दल अपने-अपने साधनों से जोगिया वस्त्र धारण करके बोल बम के जयकारे के साथ बाबा बैजनाथ धाम के लिए गुरुवार को रवाना हुए। सभी क्षेत्रों से हर-हर महादेव का उद्घोष शुरू हो गया है।
यह उद्घोष सावन मास के अंतिम सोमवार तक सुनाई देगा। बभनी प्रतिनिधि के मुताबिक गुरुवार को बभनी मोड़, सड़क टोला, पोखरा, दरनखाड़, करमदह टोला, सतबहनी गांवों से कांवरियों का जत्था निजी वाहनों से बोल बम के जयकारे के साथ बैजनाथ धाम के लिए रवाना हो गया।
ये लोग सावन के पहले सोमवार को बाबा धाम में जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के लिए रवाना होने वालों में बभनी क्षेत्र के राकेश गोस्वामी, अरुण गिरी, राहुल, मुकेश, सूरज, शंभू, नंदू प्रसाद, वशिष्ठ नारायण गिरी,रामलखन, नेपाली, राधेश्याम, रामचंदर, राधेश्याम शामिल हैं।
विंढमगंज प्रतिनिधि के मुताबिक थाना क्षेत्र के धुमा, पटेल नगर, कोलिनडूबा, मेदनीखाड़, जामपानी, सुखड़ा गांव से गुरुवार को कांवरियों का जत्था बिहार स्थित देवघर में विराजमान बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हो गया।
ये लोग तीन अगस्त को पड़ने वाले सावन मास के पहले सोमवार को जलाभिषेक करेंगे। जाने से पहले गांव के शिवालयों एवं अन्य मंदिरों में शीश नवाकर रवाना हो गए।