थाना क्षेत्र में पखवारे भर से रात्रि में बिजली न मिलने और दिन में सिर्फ चार घंटे बिजली मिलने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने गुरुवार को गांधी पार्क में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएम को मांगों का ज्ञापन रजिस्टर्ड डाक से भेजा। इसमें समस्या का समाधान न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में ऐनुल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली देने की घोषणा की है। बावजूद इसके उनके आदेश का अनुपालन बिजली महकमे की ओर से नहीं किया जा रहा है।
बताया कि पखवारे भर से लगातार रात्रि के समय बिजली नहीं मिल रही है। दिन में सिर्फ चार घंटे बिजली मिल रही है। जब जेई, एसडीओ और लाइनमैन से जानकारी मांगी जाती है तो बार-बार अमवार फीडर की ट्राली और ब्रेकर जला होना बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में शीघ्र बिजली की समस्या का समाधान न होने पर गांधी पार्क में भूख हड़ताल की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन करने वालों में अमल जायसवाल, डा. कपूर, मंटू केशरी, धर्मेंद्र, मनोज, अनीस आदि रहे।