राबर्ट्सगंज नगर के साथ ग्रामीण इलाकों में सोमवार की शाम पांच बजे बेमौसम बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे धान की फसल की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश से किसानों को थोड़ी राहत मिली है। खेत नम होने से रबी फसल की बुआई समय से हो सकेगी।
सोमवार को दोपहर बाद तक मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप निकली थी। शाम कोपांच बजे बेमौसम बारिश होने लगी। कुछ देर आसमान से ओले भी गिरने लगे। पांच मिनट तक मटर के दाने से बड़े आकार के ओले गिरने से लोग उसे कौतूहल से देखने लगे। बच्चों के साथ ही बड़ों ने इसे उठा लिया और हाथ में लेकर देखने लगे। किसान गुड्डू तिवारी का कहना है कि ओला पड़ने से धान की बाली लेती फसल को नुकसान पहुुंचेगा। इससे उपज पर भी असर होगा।
जिला कृषि अधिकारी डा.हरिकृष्ण मिश्र ने बताया कि धान की फसल जो पकने की स्थिति मे है, ओला गिरने से उसे क्षति होगी। बालि लेते धान की फसल पर ओला गिरने का बहुत प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि ओला सिर्फ राबर्ट्सगंज नगर सहित आस-पास के क्षेत्र में ही गिरा है वह भी कुछ समय के लिए। हालांकि इस बारिश से रबी फसल की बुआई के लिए किसानों को नमी मिल जाएगी। इससे किसानों को फायदा भी होगा।