वन क्षेत्र घोरावल के शिवद्वार बीट के सिगरा बस्ती में सोमवार की सुबह सात फीट लंबा विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ दिया।
बस्ती में सोमवार को तड़के सुदन मौर्या के घर के समीप खेत में ग्रामीणों ने एक बड़े मगरमच्छ को देखा। उन्होंने इसकी सूचना वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद को दी। क्षेत्राधिकारी ने वन दरोगा राजन मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर भेजी जहां टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ सात फीट लंबा है। उसे मुक्खा फाल के कुंड में छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस समय नदियों, खेतों, जलाशयों, तालाबों में मगरमच्छ मिलने की संभावना अधिक है और खास तौर से बेलन नदी व बकहर नदी के तटवर्ती गांवों में मगरमच्छ मिल सकते हैं। इसलिए लोग इन स्थानों के जलस्रोतों व खेतों पर सावधानीपूर्वक जाएं। संवाद