सोनभद्र। जिले के विभिन्न इलाकों में सोमवार की सुबह गरज चमक के साथ बारिश हुई। बिजली भी गिरी। इससे तीन बैल की मौत हो गई। बारिश से बभनी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। बारिश से कृषि भी प्रभावित हो रही है। खासकर सब्जियों को क्षति पहुंच रही है। सोमवार की सुबह राबर्ट्सगंज व आसपास के इलाकों में कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। फिर कड़ी धूप निकल गई। बभनी: बभनी क्षेत्र में रविवार को भोर में तीन बजे ही अचानक बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश हुई। क्षेत्र की बिजली भी गुल हो गई। शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी।
करकच्छी गांव में शिवप्रसाद के बैल की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। भोर में करीब पौन घंटे बारिश हुई। गर्मी के मौसम में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोग अपने कच्चे घरों को भी व्यवस्थित नहीं कर पा रहे हैं। बचरा गांव में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई। बीजपुर थाना क्षेत्र के चेतवा बरडांड गांव में सोमवार की सुबह बिजली गिरने से रामचेत वैश्य के दो बैलों की मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान श्रीराम ने दुद्धी तहसील में क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी है। बारिश से सब्जी की फसल को काफी नुकसान हुआ है। भिंडी, नेनुआ, करैला, लौकी जैसी सब्जियां प्रभावित हुई हैं।