राबर्ट्सगंज के हाइडिल कालोनी के रहने वालों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लोगों ने महिला थाने का घेराव कर नारेबाजी की। ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेताया है कि कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे। उधर, एक्सईएन हवलदार रावत का कहना है कि बिजली चोरी से बचने के लिए लोग झूठे आरोप लगा रहे हैं।
हाईडिल कालोनी में रहने वाली महिलाएं और पुरुष बुधवार को दोपहर बाद भारी संख्या में पास में ही स्थित महिला थाना पर पहुंच गए। यहां इन लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर विद्युत चोरी की जांच के नाम पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। अपशब्दों का इस्तेमाल कर बिजली चोरी के फर्जी मामले में फंसाने की भी धमकी देने का आरोप महिलाओं ने लगाया। कहा कि बुधवार की दोपहर जब महिलाएं घर में काम कर रही थीं उस समय बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उनके घरों पर पहुंचे और जबरन दरवाजे को धक्का देकर अंदर घुस गए।
थाने पर पहुंचे लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ महिलाओं ने अधिकारियों के खिलाफ प्रार्थनापत्र महिला थानाध्यक्ष को दिया और कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए अन्यथा वे सड़क पर उतरेंगी। उधर, बिजली विभाग के एक्सईएन हवलदार रावत ने आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि सारे आरोप झूठे हैं। बिजली चोरी रोकने के लिए कार्रवाई हो रही है तो झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।