शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में बारूद बनाने वाली फैक्ट्री के सुपरवाइजर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार रात हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की है। दावा किया जा रहा है कि जल्द घटना का राजफाश हो जाएगा।
घटना सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र के बाघाडीह गांव में सोमवार की रात हुई। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे बाइक से घर जा रहे बाबा वैश्य उर्फ रुद्र प्रसाद वैश्य की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार (बलुआ) से हमला कर हत्या कर दिया। मृतक बैढ़न में स्थित सोलार नाम की बारूद फैक्ट्री में सुपरवाइजर की नौकरी करता था। बरगवां के नगर निरीक्षक (टीआई) ने हत्या की पुष्टि किया। अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतक बाबा के उपर चलती बाइक पर बलुआ से गले पर हमला किया गया, जिससे वह बाइक से गिरा और जान बचाने के लिए पास में नजदीक के घर की तरफ मदद की गुहार लगाते हुए भागा। करीब 100 मीटर की दूरी पर जाकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद उसके शरीर पर हमलावरों ने कई वार कर दिए। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर आठ जख्म मिले हैं।