सोनभद्र। कोरोना वायरस को देखते हुए सरकार ने इमरजेंसी सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़ सभी दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है। बावजूद इसके कुछ लोग चोरी-छिपे दुकानें खोल रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बृहस्पतिवार को राबट्र्सगंज नगर में सदर एसडीएम यमुना धर चौहान ने दुकानों की जांच किया। पुलिस ने एक किराना और एक मेडिकल स्टोर की दुकान को सील कर दिया। हालांकि जब पता चला कि सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मेडिकल की दुकानेें खोलने का निर्देश हो गया है तो एसडीएम ने मेडिकल स्टोर की सील को खुलवा कर चालू करने का निर्देश दिया। ।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी जिलों को 14 अप्रैल तक के लिए लॉक डाउन करने का निर्देश दिया है। शासन ने प्रशासन को दवा समेत अन्य आवश्यक वस्तुएं लोगों को उपलब्ध कराने के लिए समुचित प्रबंध कराने और लोग अपने घरों से न निकले की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। जिले में जिला प्रशासन ने जिन दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया है उनको भी कुछ लोग खोलने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशासन उनके विरूद्घ कार्रवाई शुरू कर दी है।