सोनभद्र। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने सभी सरकारी कार्मिकों को यातायात नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। बाइक पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट लगाकर चलाने को कहा। इसके लिए आम लोगों में भी जागरूकता लाने की अपील की।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि जिले में अभियान चलाकर यातायात नियमों की जानकारी लोगों को दी जाय। दो पहिया वाहनों का संचालन हेलमेट के साथ करने के लिए जागरूक किया जाय। 26 जनवरी से बिना हेलमेट किसी बाइक चालक को पेट्रोल न देने की योजना सख्ती से लागू कराएं। कहा कि सड़क सुरक्षा माह अभियान के सभी शर्ताें को पूरा कराया जाय। स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, ड्राइविंग लाइसेंस चेकिंग, यातायात दुर्घटना बचाव जागरूकता, हेलमेट की अनिवार्यता, दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में रोड संकेतकों की स्थापना, गड्ढामुक्त सड़क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। डीएम ने कहा कि एआरटीओ व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सभी स्कूल बसों की जांच करा लें। बसों में सभी टूल किट, प्राथमिक उपचार उपकरण व सामग्री उपलब्ध होने चाहिए। मारकुंडी घाटी के पहाड़ी पर सड़क के किनारे पत्थर गिरने की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंध करने को कहा। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पास फ्लाईओवर के नीचे खराब सड़क को तत्काल ठीक कराया जाय। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, डीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, एआरटीओ धनबीर यादव आदि मौजूद रहे।