सोनभद्र। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी करने वाले एक युवक को उसके ससुरालवालों ने पीट दिया। युवक पत्नी की विदाई कराने की जिद कर रहा था, जबकि ससुराल वाले तैयार नहीं थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
रायपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरईगढ़ निवासी श्यामनारायण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी गत 25 नवंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत ग्राम सिद्धी निवासी बद्रीप्रसाद की पुत्री पूनम से घोरावल के केवली में हुई थी। विवाह के समय विदाई नहीं हुई। ससुर ने यह कहकर विदाई टाल दी कि बाद में मंदिर में दोबारा शादी कराकर विदाई करेंगे। श्यामनारायण के अनुसार मंगलवार की शाम करीब तीन बजे जब वह अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया तो वहां मौजूद पूनम के पिता बद्रीप्रसाद, भाई महेश और दिनेश, जीजा अनिल ने उसे और उसके परिजनों को गालियां देते हुए लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि हमले में उसे गंभीर चोटें आईं हैं और जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है।