महुअरिया दुद्धी रेलवे स्टेशन के बीच पोकलेन की टक्कर से ट्रेन की पटरी से उतरा मालगाड़ी का इंजन
- फोटो : SONBHADRA
महुली। महुअरिया-दुद्धी रेलवे स्टेशन के बीच देवढ़ी गांव के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक पर पोकलेन से मालगाड़ी टकरा गई। जोरदार टक्कर से मालगाड़ी का इंजन बेपटरी हो गया। पोकलेन के चालक ने कूदकर खुद को बचाया। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है। घटना के पीछे दोहरीकरण कार्य में लगी कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है। सूचना पाकर रेलवे के अफसर मौके पर पहुंच गए। ट्रैक को दुरुस्त कर परचिालन बहाल कराने में जुट गए।
इन दिनों महुअरिया से दुद्धी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। दोपहर करीब एक बजे कनहर ब्रिज के पास गेट नंबर 55 के पास निर्माण कार्य में लगा पोकलेन लेकर चालक लाइन पार करने लगा। आरोप है कि इस दौरान गेट खुला था। अचानक सामने से मालगाड़ी आते देख चालक केबिन खोलकर कूद गया। ट्रैक पर खड़ी पोकलेन से टक्कर के बाद मालगाड़ी बेपटरी हो गई। करीब आधा दर्जन से अधिक बिजली के पोल तार सहित टूटकर गिर गए। भीषण टक्कर की आवाज सुनकर तुरंत ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ड्यूटी पर तैनात गेटमैन अभिषेक कुमार ने बताया कि मालगाड़ी आने की सूचना मिलते ही गेट बंद कर दिया गया था, लेकिन कंट्रक्शन कंपनी के लोगों ने दबाव बनाकर गेट खोलवा दिया। हादसे से चोपन-बरवाडीह रेल मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। महुअरिया रेलवे स्टेशन अधीक्षक डी उरांव ने बताया कि उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। जल्दी ही रेलवे मार्ग पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।