सोनभद्र। यूपी की योगी सरकार ने 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन का एलान किया है। इसके बाद लोगों में जरूरी सामानों को खरीदने की होड़ सी मच गई। इसका असर किराना, सब्जियों की दुकानों के साथ ही दवाओं की दुकानों पर भी रहा। हालांकि मॉल, होटलों में कम भीड़ रही। राबर्ट्सगंज मेन मार्केट बंद होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। तमाम लोगों ने किसी तरह से खाद्य सामग्री आदि का जुगाड़ तीन दिनों के लिए किया।
यूपी सरकार ने 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा किया है। इसके बाद लोगों में लॉकडाउन के आगामी दिनों में बढ़ने की चर्चा शुरू हो गई है। तीन दिन के लॉकडाउन की घोषणा के बाद लोगों ने जरूरत के सामानों की खरीदारी की। राबर्ट्सगंज में मेन मार्केट बंद होने से धर्मशाला चौराहा के पार, बढ़ौली चौराहा, रामगढ़ मार्ग के ईर्द-गिर्द की किराना दुकानों पर लोग जरूरत के सामान खरीदते नजर आए। लोगों ने किराना खाद्य सामग्रियों के साथ ही सब्जियों आदि की खरीददारी भी की। पिछले दिनों राबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान के पास एक स्वास्थ्य कर्मी के कोराना पाजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने बढ़ौली चौराहा से लेकर चंडी तिराहा तक बैरिकेटिंग कर 14 दिन के लिए मुख्य बाजार को सील कर दिया है। इससे इस क्षेत्र के लोग जरूरत के सामानों की खरीदारी को लेकर कुछ परेशान रहे लेकिन अन्य क्षेत्रों में जाकर लोगों ने खाद्य सामग्री की खरीदारी की। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लॉकडाउन के मद्देनजर लोगों ने खरीदारी की। हालांकि इस दौरान होटल, मॉल पर भीड़ न के बराबर ही रही।