सिंगरौली/शक्तिनगर। मध्य प्रदेश के गढ़वा थाना क्षेत्र के रमडिहा गांव में मामूली विवाद में एक महिला ने दूसरी महिला के पेट में सरिया घोंप दिया। बाद में अपराध बोध होने पर खुद के ऊपर केरोसिन डाल कर आग लगा लिया। इसके चलते आरोपी की मौत हो गई। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। रमडिहा गांव की रहने वाली सीता तिवारी (45) पत्नी उदित राम तिवारी की पड़ोस की रहने वाली महिला आशा कोरी (35) पत्नी नील कोरी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी बीच सीता तिवारी ने आशा के पेट में नुकीली सरिया घोंप दिया। आशा गिरकर तड़पने लगी तो सीता को अपराध बोध हुआ। उसने अपने घर में घुस कर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और केरोसिन उड़ेल कर आग लगा लिया। इससे महिला सहित उसका खपरैल का कच्चा घर भी जल गया। पुलिस के मुताबिक आग से सीता की मौके पर मौत हो गई। गढ़वा थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घटना के बाद उसने खुद आग लगाकर आत्महत्या कर लिया। घायल महिला की स्थिति नाजुक बनी है।