सोनभद्र। जिले में सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए राज्यपाल के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। सीएसआर फंड से पहले चरण में जिले के बभनी और म्योरपुर ब्लॉक के आवासीय विद्यालयों की छात्राओं का वैक्सीनेशन कराया जाएगा। इसकी तैयारी तेज हो गई है।
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसने स्वास्थ्य विभाग की चिंताओं को बढ़ा दिया है। जनपद दौरे पर पहुंची सूबे की राज्यपाल ने इसे लेकर चिंता जताई थी। उनके निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग किशोरियों को सुरक्षित बनाने में जुटा है। जिले के आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 14 साल की लड़कियों का टीकाकरण कर कैंसर के जोखिमों को कम करने पर बल दिया जाएगा। डीएम बीएन सिंह और सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार की ओर से इस पहल को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। पहले चरण में सीएसआर मद से बभनी और म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र में स्थित आवासीय विद्यालयों की करीब दो सौ छात्राओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर, महिलाओं में वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ता कैंसर है। इस कारण महिलाओं की जान तक चली जाती है। एचपीवी वैक्सीन की मदद से इस कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। पहले चरण में दो विद्यालयों का चयन किया गया है। वहां इसी महीने से वैक्सीनेशन करने को लेकर तैयारी की जा रही है। यह सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते जोखिमों को कम करने में मददगार हो सकेगा।
रामकुमार। - फोटो : रामकुमार। संवाद