म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर गांव में शनिवार की रात एक युवती का शव दुपट्टे के सहारे महुआ के पेड़ से लटकता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया है।
क्षेत्र के धनखोर गांव निवासी भगवानदास ने म्योरपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री आशा (18) शनिवार की रात करीब आठ बजे शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी, मगर वह नहीं लौटी। इस पर परिवार के लोग उसकी खोजबीन करने लगे।
जब उसकी खोज शुरू की गई तो घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर उसका शव दुपट्टे से महुआ के पेड़ पर लटकता मिला। मृतका के पिता की सूचना पर पहुंची म्योरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। युवती ने फांसी किन कारणों से लगाई, इसका अभी पता नहीं चल सका है।