सलईयाडीह गांव में रविवार की देर शाम बिजली पोल गाड़ने के लिए खोदे गए गड्ढे में एक सात वर्षीय बालिका गिर गई। करीब साढ़े तीन घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से बालिका को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक सलईयाडीह गांव मेें रेलवे पटरी के किनारे रेलवे की ओर से बिजली का पोल गाड़ने का काम चल रहा है। इसी के लिए करीब डेढ़ फीट चौड़े और छह फीट गहरा गड्ढे की खुदाई की गई थी।
रविवार की देर शाम चंद्रिका की सात वर्षीय पुत्री खुशबू बकरी चराने गई थी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में गिर पड़ी। इसकी जानकारी पर बालिका के घरवाले मौके पर पहुंच गए।
तब तक आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने गड्ढ़े के आसपास दूसरे गड्ढे की खुदाई कर करीब साढ़े तीन घंटे बाद बालिका को बाहर निकाला।
इस दौरान उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया थोड़ी देर बाद ही बालिका को घर भेज दिया गया। वहीं गांव के भीम पासवान, राधेश्याम पासवान, सुमन गुप्ता, राजेश जायसवाल,
रामजनम कुशवाहा ने रेलवे प्रशासन से अविलंब रेलवे लाइन के किनारे खोदे गए गड्ढे में पोल लगवाने की मांग की है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना घटिन न हो।
चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांगों को अनसुना किया गया तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।