सोनभद्र। एसपी अभिषेक वर्मा ने घोरावल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। उन पर कार्यों में शिथिलता बरतने और लापरवाही का आरोप है। उनकी जगह अभी किसी की तैनाती नहीं दी गई है। अपराध निरीक्षक शमशेर यादव को प्रभार सौंपा गया है। पिछले महीने रॉबर्ट्सगंज कोतवाल के लाइन हाजिर होने के बाद अब घोरावल कोतवाली के प्रभारी पर कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मची है।
निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा को करीब 22 दिन पहले ही घोरावल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह अनपरा थाने के इंचार्ज थे। ऊर्जांचल के प्रमुख थाने से लाकर घोरावल कोतवाली में उन्हें नियुक्त किया गया था। बताते हैं कि तैनाती के कुछ दिनों बाद से ही कामकाज को लेकर शिकायतें मिल रही थीं।
नवागत एसपी अभिषेक वर्मा की ओर से कार्यभार संभालने के बाद से ही सभी थाना प्रभारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी के लिए निर्देशित किया गया था। बावजूद घोरावल कोतवाली प्रभारी के कामकाज का रवैया नहीं बदला। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मंगलवार को उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।
बता दें कि पिछले माह लोढ़ी खनन बैरियर पर वाहनों की चेकिंग के दौरान खनिज लदे वाहनों पर पुलिस के पत्थरबाजी का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद तत्कालीन एसपी अशोक कुमार मीणा ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाल गोपालजी गुप्ता को लाइन हाजिर कर दिया था, जबकि तीन पुलिसकर्मी निलंबित किए गए थे। महज एक माह के अंदर एक और कोतवाली के प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने से पुलिसकर्मी सकते में हैं।
-