सोनभद्र। अंतर जनपदीय तबादले पर आए शिक्षकों को ढाई माह के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को स्कूल आवंटित कर दिया गया।
जून और जुलाई माह के पहले हफ्ते में प्रदेश स्तर पर अंतर जनपदीय तबादले की प्रक्रिया को पूरा किया गया था। इसके तहत अलग-अलग जनपदों से सोनभद्र जिले में कुल 36 शिक्षकोंं का तबादला हुआ था। हालांकि इनमें से दो चरणों में कुल 25 शिक्षक ही जिले में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे।
शासन स्तर से स्कूल आवंटन की पूरी प्रक्रिया को पोर्टल आधारित किया गया। इसमें काफी समय तक शिक्षकोंं को स्कूल आवंटन के लिए इंतजार करना पड़ा। ऐसे शिक्षक यहां वहां घूमते या फिर बीएसए कार्यालय पर उपस्थिति देते नजर आए। हालांकि जिले में पोर्टल आधारित पूरी प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। इसके तहत बृहस्पतिवार को बीएसए की ओर से विद्यालय आवंटन की सूची जारी कर दी गई। जिसमें घोरावल ब्लाॅक में आठ, म्योरपुर 8, चोपन में तीन, चतरा दो, सदर विकास खंड में दो, बभनी में एक और दुद्धी ब्लॉक में एक शिक्षक को तैनाती दी गई है। इस संबंध में बीएसए ने बताया कि शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन ऑनलाइन माध्यम से कर दिया गया है।