अनपरा। प्रदेश में बृहस्पतिवार को बिजली की मांग 26 हजार मेगावाट के पार चली गई। बिजली की अप्रत्याशित मांग को पूरा करने के लिए निगम की सभी इकाइयों को पूर्ण क्षमता से चलाया जा रहा है। जल विद्युत परियोजनाओं का भी सहारा भी लिया जा रहा है।
आम तौर सितम्बर महीने मे बिजली की मांग कम रहती है, लेकिन इस वर्ष बारिश न होने के कारण बिजली की मांग 25 और 26 हजार मेगावाट के आस-पास बनी हुई है। बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए पीक आवर में अनपरा तापीय परियोजना 500 की मेगावाट की चौथी ईकाई से कुल 505 मेगावाट और निजी क्षेत्र की लैंको परियोजना की 600 मेगावाट की पहली ईकाई से 602 मेगावाट का रिकार्ड उत्पादन किया गया। साथ ही बिजली की मांग को पूरा करने के लिए रिहंद जलविद्युत परियोजना से कुल 237 मेगावाट और ओबरा जल विद्युत परियोजना से 29 मेगावाट का उत्पादन किया गया। बृहस्पतिवार की देर शाम प्रदेश मे बिजली की अधिकतम मांग 26187 मेगावाट और न्यूनतम मांग 16204 मेगावाट रही।