सोनभद्र। विकसित भारत संकल्प यात्रा गांवों से निकलकर अब नगरीय क्षेत्रों में पहुंच गई है। शनिवार को नगर पालिका के रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उधर, घोरावल में भी स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र व स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
रामलीला मैदान में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद पकौड़ी लाल कोल, चेयरमैन रूबी प्रसाद, एडीएम न्यायिक सुभाष चंद्र यादव, परियोजना अधिकारी डूडा राजेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
चेयरमैन ने उपस्थित लोगों को बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा भारत सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं से वंचित वर्ग को जोड़ना है। इस दौरान स्टॉल लगाकर पात्रों को योजनाओं से जोड़ा गया। अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों में प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस मौके पर डीपीएम सत्यम पांडेय, नगर अध्यक्ष कौशल शर्मा, कृष्णमुरारी गुप्ता, पुष्पा सिंह, मनोज आदि उपस्थित रहे।
नहीं पहुंचे विभागीय कर्मचारी, खाली रह गए स्टॉल
घोरावल। विकसित भारत संकल्प यात्रा शनिवार को घोरावल नगर स्थित भारतीय इंटर कॉलेज मैदान पहुंची, जहां यात्रा का स्वागत किया गया। हालांकि कार्यक्रम को अधिकारी कितना महत्व दे रहे हैं, इसकी गवाही विभिन्न विभागों के खाली पड़े स्टाॅल दे रहे थे। खाद्य एवं रसद विभाग, आधार कार्ड संशोधन, पीएम विश्वकर्मा योजना, उज्ज्वला योजना, समाज कल्याण विभाग के स्टॉल खाली रहे। यहां कोई सरकारी कर्मचारी नही मौजूद रहा। इस मौके पर सांसद पकौड़ी लाल कोल, जिपं सदस्य नीरज श्रीवास्तव, नपं अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव आदि रहे। संचालन प्रधानाचार्य गणेशदेव पांडेय ने किया।