वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर वाहन चालकों का मशीन से जांच करती अनपरा पुलिस। संवाद
सोनभद्र। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस करीब 30.85 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट कराया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में संपन्न हुई। नष्ट कराई गई सामग्री 747 अभियोगों से संबंधित थी।
डीजीपी के निर्देश पर 1 मार्च से 31 मई तक चल रहे इस अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के अध्यक्ष एसपी अभिषेक वर्मा हैं। शुक्रवार को जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 747 अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुसार नष्ट किया गया। सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि नष्ट पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 30.84 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस दौरान नारकोटिक्स सेल प्रभारी एसआई रामनगीना प्रधान आदि मौजूद रहे। मांची पुलिस ने नष्ट कराया शराब व गांजा : खलियारी में थाना मांची पुलिस ने आबकारी अधिनियम व एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद माल काे न्यायालय के आदेश पर नष्ट कराया। सीओ सदर राज सोनकर ने बताया कि थाना मांची में दर्ज 49 आबकारी अधिनियम के मुकदमों से संबंधित 729.60 लीटर अंग्रेजी व देसी शराब को नष्ट किया गया। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमों से संबंधित 1 किलोग्राम 550 ग्राम गांजा भी नष्ट किया गया।यह पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, अभियोजन अधिकारी व क्षेत्राधिकारी सदर की मौजूदगी में कराई गई। संवाद
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर वाहन चालकों का मशीन से जांच करती अनपरा पुलिस। संवाद