डाला शहीद स्थल पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन करते विभिन्न संगठन के लोग।
उत्तर प्रदेश स्टेट सीमेंट कारपोरेशन निगम को चलाने की मांग को लेकर संघर्ष के दौरान गोलीकांड के शहीदों की पुण्यतिथि गुरुवार को शहीद स्थल पर मनाई गई। लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सांकेतिक चक्काजाम किया।
करीब 25 साल पूर्व सीमेंट फैक्ट्रियों को चलाए जाने की मांग को लेकर मजदूरों और छात्रों ने आंदोलन किया था। इस दौरान तत्कालीन यूपी सरकार के निर्देश पर पुलिस ने फायरिंग की थी, जिसमें छात्र समेत कई श्रमिकों की जान चली गई थी। उसी की याद में घटना स्थल पर शहीद स्थल पार्क बनाया गया।
इस कांड में सीमेंट कर्मचारी रामप्यारे कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार राय, सुरेंद्र द्विवेदी, बाल गोविंद, रामधारी, रामनरेश राम, नंद कुमार गुप्ता, दीनानाथ एवं छात्र राकेश उर्फ जय प्रकाश त्रिपाठी शहीद हो गए थे। शहीदों की याद में गुरुवार की सुबह से हरि कीर्तन, सुंदर कांड किया गया और सुबह से राहगीरों को शर्बत पिलाया गया। सुरक्षा व्यवस्था में एक बटालियन पीएसी तैनात रही। संचालन नरेंद्र नीरव ने किया। शहीदों की श्रद्धांजली देने में जेपी जन संपर्क अधिकारी सुधीर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, जय प्रकाश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।