दोगुने दाम पर टिकट बेचने पर हंगामा
संविदा पर सफाईकर्मी का आवेदन पत्र भरने के लिए राबटर्सगंज नगर में स्थित मुख्य डाकघर में बुधवार को आवेदन पत्र जमा करने के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने आरोप था कि डाक कर्मियों की मिलीभगत से एक दूकानदार दोगुने दाम पर टिकट बेच रहा है। शिकायत करने के बाद संबंधित अधिकारी दूकानदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे है। उधर मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने फोटो स्टेट की दूकान में छापेमारी कर एक युवक को टिकट के साथ हिरासत में ले लिया।
इसके बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत हुआ।गौरतलब हो कि सुबह करीब सात बजे से ही अभ्यर्थी आवेदन पत्र जमा करने के लिए डाकघर के बाहर लाइन में खड़ा होने लगे थे। डाकघर खुलने पर कुछ अभ्यर्थियों ने डाक कर्मियों से टिकट मांगा तो पता चला कि नहीं है। जबकि डाकघर के कुछ ही दूरी पर स्थित एक फोटो स्टेट की दूकान पर खुलेआम टिकट बिक रहा था। डाकघर में टिकट न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने बाहर सड़क पर दूकान पर महंगे दाम पर बिक रहे टिकट का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। इससे हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों ने युवक को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। हालांकि कुछ ही देर बाद फोर्स के साथ चौकी इंचार्ज वहां पहुंच गए और अभ्यर्थियों की समस्याओं को सुनने के बाद फोटो स्टेट की दूकान पर जा धमके।
चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार ने बताया कि एक दूकानदार के पास से कुछ टिकट मिला है। दूकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमास्टर रमेश तिवारी का कहना है डाकघर में टिकट पर्याप्त है। जिसे जरूरत है उसे दिया जा रहा है। दूकानदार टिकट कहां से लाकर बेच रहा था इस बारे में पता नहीं है।