म्योरपुर के रनटोला में सैटेलाइट डिवाइस से प्रयागराज से छत्तीसगढ़ सीमा तक एक साथ सर्वे करते कर्म
म्योरपुर (सोनभद्र)। विंध्य एक्सप्रेस वे का विस्तार छत्तीसगढ़ सीमा तक हाे गया है। प्रयागराज में फाफामऊ के पास से शुरू होकर यह एक्सप्रेस वे सोनभद्र के बभनी में परसा टोला के पास छत्तीसगढ़ बाॅर्डर पर समाप्त होगा। इसकी कुल लंबाई 330 किमी है।
मिर्जापुर में अहरौरा के पास गाजीपुर से निकलने वाला पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस वे भी इसे जोड़ेगा। इसकी लंबाई करीब 150 किमी है। दिल्ली की अल्मोंडज कंपनी ने एक्सप्रेस वे के लिए सर्वे तेज कर दिया है। सोमवार को कंपनी के कर्मचारियों ने गोविंदपुर के आगे सर्वे किया।
पिछले साल महाकुंभ के दौरान यूपी की पड़ोसी राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने विंध्य एक्सप्रेस वे और इसे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस वे का एलान किया था।
जनवरी में इसका प्रारंभिक सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। बजट में इसके लिए प्रावधान भी किए गए हैं। प्रयागराज से सोनभद्र तक बनने वाला विंध्य एक्सप्रेस वे का अंतिम छोर पहले रेणुकूट के आगे रनटोला तक था। बाद में जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर इसे छत्तीसगढ़ सीमा तक बढ़ाया गया है।
लिहाजा इस क्षेत्र में इसका सर्वे नए सिरे से कराया जा रहा है। यह एक्सप्रेस वे मौजूदा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से अलग और समानांतर होगा।
यह प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के पास से गुजरेगा। इसके लिए सर्वे में औद्योगिक विकास वाले इलाकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।