जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मझिगांव निवासी श्याम सुंदर शर्मा (37) पुसौली में सैलून चलाता था। रविवार को चाट खाने की इच्छा जताते हुए वह रात दस बजे घर से निकला था।
धर्मशाला चौक से कुछ दूर आगे घोरावल बस स्टैंड के पास स्थित एक दुकान के सामने बाइक खड़ी कर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक को एक बेटा और चार बेटियां हैं। दूसरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा परसाटोला गांव की है। इकदीरी छिपिया निवासी बाबूलाल (18) रविवार की रात करीब 11 बजे पोखरा अपनी बहन के घर जा रहा था। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार दोपहर युवक ने दम तोड़ दिया।
बाबूलाल दो भाइयों में छोटा था। तीसरी घटना वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन पुल की है। गुरमुरा निवासी अखिलेश गोंड, बालचंद गाेंड व हरि नारायण पल्सर बाइक से सोन नदी पुल से गुजर रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक सवार कोटा निवासी कुबेर सिंह से उनकी टक्कर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को चोपन सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अखिलेश गोंड की मृत्यु हो गई। घायल कुबेर सिंह व बालचंद गोंड को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
चौथी घटना रेणुकूट चौकी क्षेत्र में हुई। शक्तिनगर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर निवासी प्रभात कुमार सिंह (23) वर्ष पुत्र मदन सिंह रविवार को अपने दोस्त के साथ हाथीनाला स्थित पार्क घूमने गया था।
लौटते समय रविवार की शाम को वह रेणुकूट मुख्य बाजार में एक ट्रक के बगल से निकलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक सामने किसी वाहन के आ जाने से उसने ब्रेक लिया। जिससे बाइक फिसल कर गिर गई और ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बाइक पर बैठा दूसरा युवक बाल- बाल बच गया।