खनन विभाग की टीम ने बुधवार को सुकृत और बिल्ली खनन क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान बिल्ली खनन क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण के आरोप में चार क्रशर और सुकृत में डेटोनेटर का गोदाम सीज कर दिया गया। वहीं बिल्ली खनन क्षेत्र से दो कंप्रेशर और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है।
सुकृत खनन क्षेत्र में तहसीलदार योगेंद्र सिंह, खान अधिकारी आरपी सिंह और सीओ सच्च्दिानंद ने छापेमारी की। इस दौरान ब्लास्टिंग के ठेकेदार रमजान के यहां जेलेटिन राड से भरा गोदाम मिला। सीओ सच्चिदानंद ने बताया कि ब्लास्टिंग के लिए नामित ठेकेदार रमजान को कई बार स्टाक चेक करने के लिए बुलाया गया लेकिन वह नहीं पहुंचा, इसलिए उसके गोदाम को सीज कर दिया गया है।
इसीतरह बिल्ली खनन क्षेत्र के बघमनवां में खुर्शीद आलम की शिकायत पर बुधवार को छापेमारी की गई। इस दौरान दो कंप्रेशर मशीन एवं भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त हुई। उधर, बुधवार की शाम एसडीएम सदर राजेंद्र प्रसाद तिवारी, ओबरा सीओ प्रमोद यादव, खनन सर्वेक्षक राजनाथ प्रजापति और ओबरा एसओ ने पुन: खदान का निरीक्षण किया। बिल्ली-डाला क्रशर क्षेत्र में 26 क्रशर प्लांटों के विरुद्घ प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिली थी।
इसकी जांच में बलिया इंटरप्राइजेज डाला, शारदा स्टोन वर्क्स प्रथम एवं द्वितीय और जय मां चित्रपूर्णी स्टोन बिल्ली को पर्यावरण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम के तहत चारों प्लांटों को सीज कर दिया गया। एसडीएम सदर राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान जिन क्रशर प्लांटों पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए टीनशेड, पानी का फब्बारा, सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रदूषण अधिकारी कालिका सिंह, सीओ प्रमोद यादव और एसओ ओबरा मौजूद रहे।