सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के डिलाही गांव में स्थित रेलवे लाइन के समीप सोमवार को घेराबंदी कर पुलिस ने चोरी के सामान के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये का बीज, ई-पॉश मशीन समेत अन्य सामान मिला है।
14 मई की अर्धरात्रि के बाद करमा थाना क्षेत्र के भरूहा माइनर के पास स्थित एक बीज की दुकान में चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दुकानदार अवधेश कुमार यादव निवासी चाड़ी थाना करमा की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया। वादी का कहना था कि चोर दुकान के उपर लगे सीमेंट शीट को तोड़कर कीटनाशक दवा, बीज, स्कैनर आदि चोरी कर लिए। पुलिस अधीक्षक एपी सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, क्षेत्राधिकारी घोरावल संजय वर्मा के नेतृत्व में करमा के प्रभारी एसओ विनोद कुमार यादव, सर्विलांस प्रभारी सरोजमा सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी चोरों को पकड़कर घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया। सोमवार को पुलिस ने डिलाही रेलवे लाइन आउटर सिग्नल के पास से चोरों को पकड़ लिया। सीओ ने बताया कि इमरान पुत्र सोबराती निवासी डिलाही, भूपेंद्र कुमार पुत्र स्व. प्रवीण मौर्या निवासी पापी, राहुल शर्मा पुत्र राजेश शर्मा निवासी खैराही और आकाश मौर्या पुत्र रामशखी मौर्या निवासी पापी थाना करमा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामानों को बरामदगी भी कर ली गई। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया।