सोनभद्र/मधुपुर/म्योरपुर। जिले में पिछले 24 घंटे में सड़क हादसों में नाैवीं के छात्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
पहली घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी पुल की है। हिंदुआरी चौकी क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी रामनारायण (50) रविवार की शाम बाजार से देर शाम साइकिल से लौट रहा था। कुसी पुल के पास मिर्चा लेकर जा रहे अनियंत्रित पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर डाला चौकी क्षेत्र के बाड़ी स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास सोमवार की सुबह मुख्य मार्ग पर रखे गए ड्रम से टकरा कर बाइक सवार नई बस्ती निवासी सोनू जायसवाल (20) गिर गया। पीछे से आ रहे वाहन उसे कुचल दिया। उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड पहुंचे।
तीसरी घटना म्योरपुर की है। म्योरपुर थानाक्षेत्र के कटबंधवा गांव के समीप बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप के धक्के से साइकिल सवार छात्र की मौत हो गई। काचन गांव निवासी नित्यानंद प्रजापति (14) पुत्र रामभजन प्रजापति क्षेत्र के कैमूर आदिवासी इंटर कॉलेज में नौंवी का छात्र था। वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। कटबंधवा के पास पिकअप ने छात्र को धक्का मार दिया। उसकी मौत हो गई। पुलिस पिकअप की तलाश कर रही है। नित्यानंद दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव निवासी मनीष जायसवाल (30) म्योरपुर सीएचसी में एसटीएलएस पद पर तैनात थे। वह सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हॉस्पिटल के काम से बाइक से रॉबर्ट्सगंज जा रहे थे। हाथीनाला थाना से पहले मुर्धवा मार्ग पर अनियंत्रित ट्रेलर ने उनको चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरे मनीष को कुचलते हुए ट्रेलर चालक फरार हो गया। मनीष की मौत हो गई। मनीष की शादी चार साल पहले धनौरा गांव में हुई थी। उन्हें डेढ़ माह का बेटा भी है। हादसे ने मासूम बेटे के सिर से पिता का साया छीन लिया।
बघाडू गांव निवासी तीन युवक रविवार की शाम रामलीला देखने रजखड़ गांव गए थे। रामलीला देखने के बाद एक युवक लालबहादुर रजखड़ में अपनी ससुराल में रुक गया। जबकि जुगेस (20) और संदीप कुमार उर्फ गदर (23) देर रात बाइक से घर लौटने लगे। रजखड़ के पास ही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। दुद्धी सीएचसी के चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। लालबहादुर का इलाज निजी हॉस्पिटल में हो रहा है।