घोरावल। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नेवारी गांव में कैंप के दौरान बिजली निगम के कर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। घोरावल के अवर अभियंता शैलेश की अगुवाई में नेवारी गांव में शनिवार को बिजली निगम ने कैंप लगाया था। ग्रामीणों को बिल की जानकारी देते हुए विशेष समाधान जमा योजना के बारे में बताया जा रहा था। बताते हैं कि बिजली के बिलों को लेकर बिजली निगम के कर्मियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद बिजली कर्मी कनेक्शन काटने पहुंचे तो हाथापाई शुरू हो गई। एक कर्मी ने मोबाइल से हाथापाई का वीडियो बनाना चाहा तो ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करते हुए जेई व उनके साथ के कर्मियों को दौड़ा लिए। बिजली कर्मी घोरावल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार ने तहरीर देकर बताया है कि वे सहकर्मियों के साथ बिजली बिल राहत योजना के तहत डोर टू डोर कैंप के दौरान नेवारी गांव गए थे।
इस दौरान गांव के धर्मेंद्र, ओमप्रकाश, निरंजन, विजेंद्र और कैलाश ने उन लोगों के साथ मारपीट और गाली गलौज की। सरकारी कागजात को फाड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। संवाद