बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद में माक ड्रिल करते सीआईएसएफ के अग्नि शमन दल के जवान।
बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद परियोजना में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए वार्षिक अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया। सीआईएसएफ अग्निशमन निदेशालय के निर्देश पर हुए दो दिवसीय ऑडिट में अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और बचाव संसाधनों की कार्यक्षमता जांची गई।
ऑडिट सीआईएसएफ यूनिट एटीपीपी अनपरा के उप कमांडेंट (फायर) राजेश कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना प्रमुख और मानव संसाधन प्रमुख समेत एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान दोनों अग्निशमन केंद्रों, फायर कंट्रोल रूम, फायर स्टोर और सीआईएसएफ मुख्य कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अग्निशमन एवं बचाव उपकरणों का संचालन कर उनकी कार्यक्षमता परखी गई। फ्यूल ऑयल टैंक क्षेत्र में मॉक ड्रिल कर विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय की भी परीक्षा ली गई। ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ की रिस्पांस टीम, क्यूआरटी, एंबुलेंस सेवा, संचालन एवं अनुरक्षण विभाग और सुरक्षा टीम की तत्परता की सराहना की।