डाला। कोटा ग्राम पंचायत के कजरहट पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर लगी आग शनिवार तक भी पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी। आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट की अग्निशमन (फायरब्रिगेड) टीम लगातार प्रयास में जुटी है, लेकिन आग बार-बार भड़क उठ रही है।
चोपन ब्लॉक के कजरहट पहाड़ी इलाके में लगी इस आग को बुझाने के लिए बीते दो दिनों से कंपनी प्रबंधन की टीम लगी हुई है। अब तक करीब पांच टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जा चुका है, फिर भी आग पूरी तरह शांत नहीं हो पाई है। शनिवार को अल्ट्राटेक सीमेंट डाला के एडमिन हेड पीयूष शुक्ला मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग वन क्षेत्र में फैली हुई है। पहाड़ी के निचले हिस्सों में जहां तक दमकल पहुंच पा रही है, वहां तक पानी डालकर आग बुझाई जा रही है, लेकिन ऊपरी हिस्सों तक पहुंच न होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आग का दायरा लगातार बढ़ रहा है और कजरहट क्षेत्र में स्थित सुपर सिक्स न्यू प्लांट से महज 50 से 100 मीटर की दूरी तक आग पहुंच चुकी है। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो यह प्लांट के आसपास तक फैल सकती है, जिससे खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है, वहीं प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।