दीपावली पर लगने वाले मेले में लगी दुकान पर अचानक आग लगने से दहशत फैल गई। दुकानदार आग बुझाने के प्रयास में झुलस गया और लपट देखकर पहुंचे स्थानीय लोगाें के साथ फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। सवाल हैं कि क्या अग्निशमन के इंतेजाम पूरे थे।
अनपरा थाना क्षेत्र के बिछड़ी के पहाड़ी वाले हनुमान मंदिर के पास लगे मेले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दीपावली के अवसर पर लगने वाले मेले में चाट की दुकान पर अचानक आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश में दुकानदार झुलस गया। काफी मशक्कत से आग बुझाई जा सकी।
विज्ञापन
आपको बता दें कि चाट विक्रेता सुजीत गुप्ता सोमवार तवा पर चाट बना रहा था। इसी दौरान तेल छिंटक कर गिर गया, सिलेंडर के पाइप में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार सुजीत गुप्ता आग बुझाने का प्रयास करने लगे तो आग ने इनको भी अपनी चपेट में ले लिया और झुलस गए।
आग को लेकर मौके पर मौजूद खाकीधारी भी भागते नजर आए। आग की लपट देख आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सुजीत खतरे से बाहर है और आग को बुझाया जा चुका है लेकिन बड़ा सवाल ये है कि जब दुकान मेले में लगी थी तो यहां अग्निशमन के इंतेजाम क्यों नहीं थे?