सोनभद्र। जिले में संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को एडीएम (वित्त) वागीश कुमार शुक्ल ने विभागीय अधिकारियों के साथ आपदा से निपटने को लेकर बैठक की। निर्देश दिए कि किसी भी तरह आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए सभी विभाग तैयार रहें।
एडीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जनपद में कहीं भी बाढ़ या अतिवृष्टि से कोई नुकसान नहीं हुआ है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तहसीलदार व एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि जनहानि, पशुहानि या मकान क्षति जैसी घटनाओं पर तुरंत राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने बताया कि अहेतुक सहायता की प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी, नालों या जलाशयों के किनारे न जाएं और बच्चों को विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में अकेले न जाने दें।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से कहा गया है कि वे अपने आस-पास साफ-सफाई रखें ताकि जहरीले जीव-जंतुओं से बचा जा सके। सर्पदंश जैसी घटनाओं की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05444-222384 पर तुरंत संपर्क करें। एडीएम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सरकारी व प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। संवाद