सोनभद्र। जिले के रेनकुट और ओबरा वन प्रभाग क्षेत्र में कुछ वन कर्मियों की मिलीभगत से धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई हो रही है। इतना ही नहीं वन कर्मियों की मिलीभगत से अवैध ढंग से बालू का खनन भी हो रहा। यह आरोप शुक्रवार को राज्य वन्य जीव बोर्ड के सदस्य श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को पत्र लिख कर लगाया है।
श्रवण कुमार का आरोप है कि ओबरा और रेणुकूट वन प्रभाग के अधिकारियों की लापरवाही से वन माफिया पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। इसकी सूचना देने के बाद भी संबंधित अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते है। इससे वन माफियाओं का हौसला बढ़ता जा रहा है और वे अंधाधुंध पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। अधिकारियों की मिलीभगत से वन क्षेत्रों के सोन और कनहर नदी से बालू का अवैध खनन भी किया जा रहा है। इस संबंध में रेनुकूट वन प्रभाग के डीएफओ एम.पी सिंह का कहना है कि पेड़ कटने की शिकायत मिली है। गश्त बढ़ा दी गई है और पेड़ काटने वालोंकी खोजबीन की जा रही है। कहा कि मातहतों को चेतावनी दी गई है कि अगर पेड़ोिं का कटान नहीं रूका तो कार्रवाई की जाएगी।