सोनभद्र। ऑनलाइन फीडिंग में बैंक खाता संख्या और नाम में गड़बड़ी के चलते 192 किसानों का धान खरीद का भुगतान नहीं हो सका है। विभागीय स्तर पर गड़बड़ी में सुधार करके किसानों का भुगतान कराने की प्रक्रिया चल रही है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि 15 मार्च तक किसानों का बकाया भुगतान करा दिया जाएगा।
खरीफ क्रय वर्ष 2020-21 में जिले में कुल 81 क्रय केंद्र बनाए गए थे। इनमें पीसीएफ के 46 क्रय केंद्र खुले थे। सभी क्रय केंद्रों पर सात एजेंसियों के माध्यम से 28 फरवरी तक धान खरीद हुई। सभी एजेंसियों की तरफ से किसानों का बकाया भुगतान कर दिया गया है। ऑनलाइन फीडिंग में किसानों का नाम व बैंक खाता संख्या में गड़बड़ी होने के चलते 192 किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो सका है। ये सभी किसान पीसीएफ क्रय केंद्रों पर धान तौल कराएं है। इनका करीब 12 करोड़ रुपये का भुगतान होना है। सबसे अधिक पीसीएफ क्रय केंद्र के 15, सलैयाडीह के 13 किसानों का नाम, बैंक खाता संख्या में गड़बड़ी है। वहीं सबसे कम लोहांड़ी क्रय केंद्र के एक किसान का नाम व खाता में गड़बड़ी हुई है। गड़बड़ी के चलते 192 किसानों के खाते में ऑनलाइन धान का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
192 किसानों का गड़बड़ी के चलते भुगतान रुका है, उनका नाम व खाता संख्या सुधार कराने के लिए पीसीएफ के सचिवों को लेटर जारी किया गया है। 15 मार्च तक सभी किसानों का भुगतान करा दिया जाएगा। - टीएन सिंह, एआर कोआपरेटिव-सोनभद्र।