सोनभद्र। कुछ दिन पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की हुई मौत की जांच तेज हो गई है। मंगलवार को मृतक के पिता ने एसपी से मिलकर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद एसपी ओपी सिंह की अगुवाई में क्राइम ब्रांच व स्वाट टीम ने घटनास्थल पर पहुंची। बुधवार को भी पुलिस की तीन टीमें मामले में जांच करने में जुटी रही।
बता दें कि 20 सितंबर को पुसौली गांव निवासी परदेशी पटेल के पुत्र वीरू उर्फ प्रमोद का शव उसके घर के कुछ दूरी पर स्थित एक व्यक्ति के मकान में फंदे से लटकता मिला था। इस मामले में मंगलवार को मृतक के पिता परदेशी पटेल ने पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए मौत का खुलासा कराने की मांग की। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके बेटे की हत्या कर शव को लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। परदेशी ने घटनास्थल की फोटो व पोस्टमार्टम रिपोर्ट एसपी को सौंपा।
एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में सदर कोतवाल अंजनी कुमार राय, क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित त्रिपाठी, स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप सिंह घटनास्थल पहुंचे। क्राइम ब्रांच व स्वाट टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी हासिल की। इस मामले से जुड़े लोगों की पुलिस काल डिटेल निकालने में जुट गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर हर पहलुओं पर जांच की जा रही है। कोई दोषी मिला तो कार्रवाई की जाएगी। उधर, बुधवार को भी सदर कोतवाल, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम घटना से जुड़े सबूतों को एकत्र करने में जुटी रही। संभावना है कि जल्द ही युवक की मौत का खुलासा कर दिया जाएगा।