सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सिद्धी कला गांव में तालाब में मछली मारने के विवाद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडे से पिटाई की गई। आरोप है कि उसे घसीटते हुए घर में ले जाकर कुल्हाड़ी से हत्या करने की तैयारी थी। गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसकी जान बचाई। मामले में मंजूर अली और बेटे इज्जत अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सिद्धी कला निवासी त्रिवेणी प्रसाद (58) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 10 अप्रैल की रात आठ बजे मंजूर अली बेटे इज्जत अली के साथ उसके घर आए। तालाब में मछली मारने के मसले पर विवाद करने लगे। गाली-गलौज करते हुए लाठी डंडे से पिटाई की। इसके बाद उसे घसीटते हुए अपने घर ले गए। आरोप है कि घर ले जाते समय भी लाठी-डंडे से पिटाई की गई। पीड़ित का दावा है कि घर ले जाने के बाद कुल्हाड़ी निकाल कर उसे काटने की तैयारी में लगे थे, तभी गांव के लोग जुट गए और उन्होंने हस्तक्षेप कर छुड़ा लाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कहा जा रहा है कि पट्टा किसी का हो मछली वही लोग मारेंगे। बेटे आकाश कुमार को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।